अमेरिकी ओपन : नोवाक जोकोविच चौथे दौर में, क्वितोवा हारी
(India) वर्ष 2011 के चैम्पियन जोकोविच ने क्वैरी को 6-3, 6-2, 6-2 से हराकर इस अमेरिकी के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत दर्ज करते हुए लगातार 22वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया। जोकोविच को अगले दौर में अमेरिका के 13वें वरीय जान इसनर और जर्मनी के फिलिप कोलश्रेबर के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ना है। इसनर टूर्नामेंट के पुरूष एकल वर्ग में अब अकेले अमेरिकी खिलाड़ी बचे हैं। इस बीच कनाडा के मिलोस राओनिक भी लगातार तीसरे साल अंतिम 16 में प्रवेश करने में सफल रहे। उन्होंने पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे डोमीनिकन गणराज्य के 34 वर्षीय विक्टर एस्ट्रेला बुरगोस को 7-6, 7-6, 7-6 से हराया। राओनिक अगले दौर में जापान के 10वें वरीय केई निशिकोरी से भिड़ेंगे जिन्होंने अर्जेन्टीना के लियोनाडरे मायेर को 6-4, 6-2, 6-3 से शिकस्त दी। दूसरी तरफ महिला एकल में क्वितोवा टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पांचवीं ऐसी खिलाड़ी बनी जो शीर्ष 10 वरीय खिलाड़ियों में शामिल हैं। क्वितोवा को सर्बिया की दुनिया की 145वें नंबर की खिलाड़ी एलेक्सांद्रा क्रूनिक ने तीसरे दौर में 6-4, 6-4 से हराया। क्वितोवा से पहले दूसरी वरीय सिमोना हालेप, चौथी वरीय एग्निएज्का रदवांस्का, छठी वरीय एंजेलिक कर्बर और आठवीं वरीय अन्ना इवानोविच टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।