नेपाल में दक्षेस के गृहमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेंगे राजनाथ सिंह
(DELHI, India) केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह दक्षेस के गृहमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए 18 और 19 सितंबर को नेपाल यात्रा पर रहेंगे जिस दौरान वह अपने पाकिस्तानी समकक्ष चौधरी निसार अली खान के साथ अलग से मुलाकात कर सकते हैं। राजनाथ दक्षेस के गृहमंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के अलावा दक्षेस के अन्य सदस्य देशों के गृहमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गृहमंत्री दक्षेस के सम्मेलन से इतर नेपाल के उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री वामदेव गौतम के साथ अलग से मुलाकात कर सकते हैं। सिंह के साथ केंद्रीय गृह सचिव अनिल गोस्वामी और गृह मंत्रालय के अनेक अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। मालदीव के माले में दक्षेस की 17वीं शिखरवार्ता की भावना के अनुरूप सदस्य देशों ने आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई थी। मादक पदाथोर्ं की अवैध तस्करी और आतंकवाद से निपटने के समन्वित प्रयास भी इसमें शामिल हैं। आगामी बैठक में इन मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। त्रिस्तरीय बैठक संयुक्त सचिव स्तर से शुरू होगी और उसके बाद सचिव और गृह मंत्री स्तर की वार्ताएं होंगी। बैठक में दक्षेस के सदस्य देशों के पुलिस अधिकारियों के बीच नेटवर्क को मजबूत करने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सूचना साझेदारी बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

Author: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।