(India)
नवरातिलोवा ने यूएस ओपन के पुरूष सेमीफाइनल मैच के दौरान कल यहां अपनी महिला मित्र जूलिया लेमिगोवा से औपचारिक प्रणय निवेदन किया जिसे उनकी पार्टनर ने स्वीकार भी कर दिया। नवरातिलोवा ने किसी फिल्मी दृश्य की तरह घुटनों पर झुकी और उन्होंने जूलिया के सामने अपना प्रस्ताव रखा। जूलिया ने भी तुरंत हां कर दी। उन्होंने कहा, मैं जूलिया के सामने शादी का प्रस्ताव रखने के लिए सही समय का इंतजार कर रही थी। मुझे लगता है कि यह प्रणय निवेदन के लिए सही स्थान और सही समय था और मुझे हां में जवाब मिला। डब्ल्यूटीए की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार अपने करियर में 18 ग्रैंडस्लैम एकल और कुल 167 खिताब जीतने वाली 57 वर्षीय नवरातिलोवा ने कहा कि वह प्रणय निवेदन करते समय काफी नर्वस थी। उन्होंने कहा, मैं बहुत नर्वस थी लेकिन ऐसा हो गया और उसने भी हां कर दी। तब मेरे पांव जमीन पर नहीं थे। यह अद्भुत अनुभव था क्योंकि आपने पहले भी किसी टूर्नामेंट के दौरान लोगों को प्रणय निवेदन करते हुए देखा होगा। आप फिल्मों और वास्तविक जिंदगी में इसे देखते हैं और अब यह मेरे साथ हो रहा था। जूलिया ने पहली बार लोगों का ध्यान तब अपनी तरफ खींचा था जब वह 1981 में मिस सोवियत संघ बनी थी। वह 42 साल की हैं। नवरातिलोवा ने बाद में ट्वीट करके अपने प्रशंसकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, शुभकामनाओं के लिए सभी का शुक्रिया। मैं बहुत खुश हूं तथा जूलिया और हमारा परिवार भी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।