केजरीवाल का दावा- AAP के विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है बीजेपी
(DELHI, India) दिल्‍ली में सरकार बनाने की तमाम कवायद के बीच आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 'ऑपरेशन पर्दाफाश' नाम से स्टिंग जारी कर यह दावा किया है कि बीजेपी ने दिल्ली में सरकार बनाने के लिए दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ रुपये में खरीदने की पेशकश की है। केजरीवाल का आरोप है कि बीजेपी जोड़तोड़ कर रही है और आप के विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि आप का कोई विधायक नहीं टूटेगा। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर पर दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ रुपये में खरीदने की पेशकश का आरोप लगाया है। इस वीडियो में शेर सिंह और दिनेश मोहनिया नजर आ रहे हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर चार से ज्यादा विधायकों को खरीदने की कोशिश का आरोप लगाया है। उधर, बीजेपी ने इन आरोपों को झूठा बताया है। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी का एक भी विधायक नहीं बिका है। केजरीवाल पहले ही अपनी पार्टी के विधायकों को कह चुके हैं कि कोई भी उन्हें खरीदने की पेशकश करें तो उन्हें मना न करें और वीडिया बना कर स्टिंग करें। केजरीवाल पहले भी यह कह चुके हैं कि बीजेपी के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं है और सरकार बनाने के लिए बीजेपी विधायकों को खरीदने की कोशिश कर सकती है।
आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया कि स्टिंग की फुटेज मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में जमा की जाएगी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।