निशिकोरी को हराकर सिलिच बने यूएस ओपन के नए बादशाह
(India) क्रोएशिया के 14वीं वरीय सिलिच ने पुरूष एकल के फाइनल में निशिकोरी को 6-3, 6-3, 6-3 से हराकर अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीता। वह गोरान इवानिसेविच के बाद ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले पहले क्रोएशियाई खिलाड़ी भी बन गए हैं। इवानिसेविच ने 2001 में विंबलडन खिताब जीता था और अब वह सिलिच के कोच हैं। सिलिच को 12 महीने पहले विवादास्पद डोपिंग प्रतिबंध के कारण यूएस ओपन से हटना पड़ा था। लेकिन वह फाइनल में जीत के हकदार थे। उन्होंने नौ ब्रेक प्वाइंट बचाये, 17 ऐस और 38 विनर्स लगाये तथा निशिकोरी को कोई मौका नहीं दिया जिन्होंने फाइनल में पहुंचने से पहले मिलोस राओनिच, स्टैन वावरिंका और विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को हराया था। सोमवार को खेला गया फाइनल 2005 के आस्ट्रेलियाई ओपन के बाद ग्रैंडस्लैम में पहला खिताबी मुकाबला था जिसमें जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल में से कोई नहीं खेला। यह 5 फीट 10 इंच लंबे और 68 किग्रा वजन के निशिकोरी तथा 6 फीट 6 इंच लंबे और 82 किग्रा वजन के सिलिच के बीच विपरीत शैली का मुकाबला था। सिलिच सेमीफाइनल में फेडरर को हराकर यहां पहुंचे थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।