(DELHI, India)
केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस में उपराज्यपाल नजीब जंग को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि वे (नजीब जंग) बीजेपी का पक्ष ले रहे हैं। आप नेता ने कहा कि राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में उपराज्यपाल को संशोधन करना चाहिए और विशेषकर स्टिंग ऑपरेशन के बाद बीजेपी को दिल्ली में सरकार गठन के लिए आमंत्रित नहीं किया जाना चाहिए। केजरीवाल ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी स्टिंग की एक कॉपी को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के पास भेजेगी और यह अपील करेगी कि नजीब जंग की सिफारिशों पर ध्यान न दें। केजरीवाल ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी उचित समय पर बीजेपी के और गलत कारनामों का खुलासा करेगी। उप राज्यपाल पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाना चाहते हैं। सुप्रीम कोर्ट में आज दिल्ली में सरकार बनाने के संबंध में सुनवाई 10 अक्टूबर तक के लिए टल गई। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को उप राज्यपाल की राष्ट्रपति को भेजी गई रिपोर्ट के बारे में बताया। केंद्र ने बताया कि राष्ट्रपति इस रिपोर्ट पर गंभीरता से विचार कर कानूनी सलाह ले रहे हैं। केंद्र सरकार ने कहा कि दिल्ली में सरकार गठन पर राष्ट्रपति ने अभी तक कोई संपर्क नहीं साधा है। केंद्र के जवाब और सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई एक महीने टलने से आम आदमी पार्टी को झटका मिला है, क्योंकि कोर्ट ने उसका स्टिंग ऑपरेशन भी रिकॉर्ड में लेने से फिलहाल इनकार कर दिया। कोर्ट की सुनवाई के बाद बाहर आए केजरीवाल ने भाजपा और उप राज्यपाल नजीब जंग पर हमला बोल दिया। केजरीवाल ने सवालिया लहजे में कहा, मुझे समझ नहीं आता कि आखिर किस आधार पर उप राज्यपाल ने अपनी रिपोर्ट दी। केजरीवाल ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहले हमारे विधायक दिनेश मोहनिया से संपर्क किया और सदन से इस्तीफा देने के लिए सौदेबाजी की ताकि दिल्ली में बीजेपी के लिए सरकार बनाने के अवसर बढ़ सके।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।