ICC प्रतिबंध को कानूनी चुनौती दे सईद अजमल: शोएब अख्तर
(India) अख्तर ने एक न्यूज चैनल से कहा, उम्मीद है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) परीक्षा की इस घड़ी में सईद अजमल को अकेला नहीं छोड़ेगा। मेरा मानना है कि यह फैसला स्वयं सईद को करना है कि वह प्रतिबंध और नये प्रोटोकाल को कानूनी तौर पर चुनौती देनी चाहिए या नहीं। अपने करियर के दौरान अख्तर के गेंदबाजी एक्शन की दो बार रिपोर्ट की गयी थी लेकिन वह पाक साफ होकर बाहर आये थे। उन्होंने कहा कि यदि वह अजमल की जगह होते तो कानूनी रास्ता अपनाते। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि कानूनी कार्रवाई इस समय सईद के पास सर्वश्रेष्ठ विकल्प है। मुझे हैरानी हो रही है कि आईसीसी मैच अधिकारी अचानक ही संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिये कई गेंदबाजों की रिपोर्ट करने लग गये हैं। इस नये प्रोटोकाल को चुनौती देने की जरूरत है। शोएब ने कहा, मैं भाग्यशाली रहा कि जब में खेल रहा था तब बोर्ड ने विशेषकर पूर्व अध्यक्ष तौकिर जिया ने मेरा काफी समर्थन किया। सईद को भी ऐसे समर्थन की जरूरत है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि सईद का भविष्य इस पर निर्भर है कि पसीबी उनके मामले को आईसीसी के सामने कितनी मजबूती से रखता है। उन्होंने कहा, यह सईद के लिये मुश्किल समय है और पीसीबी को उनके मामले से सही तरह से निबटना चाहिए। यदि कड़ी मेहनत की गयी तो उनके एक्शन में सुधार किया जा सकता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।