भड़काऊ भाषण देना पड़ा भारी, अमित शाह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
(DELHI, India) अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर समेत कई जगहों पर भाषण दिए थे। इनमें से मुजफ्फरनगर में दिए गए भड़काऊ भाषण की जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट तैयार किए गए है। इसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्थानीय पुलिस ने शाह द्वारा चार अप्रेल को दिए गए भाषण की एक विडियो क्लिप को आधार मानकर चार्जशीट तैयार की है। इसमें शाह पर साम्प्रदायिक द्वेष फैलाने, दो समुदायों को भड़काने के संगीन आरोप हैं। गौरतलब है कि अमित शाह पर आरोप है कि उन्होने दंगा प्रभावित मुजफ्फरनगर में चार अप्रेल को भड़काऊ भाषण दिया था। इस भाषण का वीडियो सामने आने के बाद काफी बवाल मचा था और चुनाव आयोग ने शाह पर चुनाव प्रचार करने और रैली करने से रोक लगा दी थी। हालांकि बाद में माफी मांगने पर शाह को चुनाव प्रचार की छूट दी गई थी। शाह को जुलाई में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रभारी बनाया गया था। उनके नेतृत्व में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 71 सीटें जीती थीं। शाह पर गुजरात में सोहराबुद्दीन शेख की हत्या का मामला भी चल रहा है। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया था जिसके बाद शाह ने गुजरात के गृहमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि वे बाद में जमानत पर रिहा हो गए थे।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।