रोक के बावजूद रैली करने पर योगी आदित्‍यनाथ के खिलाफ यूपी पुलिस ने किया केस दर्ज
(BakshiKaTalab**, Lucknow) रैली में शामिल बीजेपी नेता लालजी टंडन, जगदंबिका पाल, लल्लू सिंह, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इन लोगों पर धारा 144 तोड़ने और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। जिले के डीएम ने मुंशी पुलिया में बिना इजाजत के की गई रैली का वीडियो फुटेज और मामले की बाकी जानकारियां चुनाव आयोग को भेजा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि अनुमति नहीं होने के बावजूद रैली आयोजित करके आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में आदित्यनाथ तथा टंडन समेत उन सभी लोगों के खिलाफ कल देर रात गाजीपुर थाने में थाना प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया, जो रैली में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने इस रैली के सिलसिले में रिपोर्ट मांगी थी जो भेज दी गयी है। इस रैली की वीडियोग्राफी की सीडी भी आयोग को भेजी जा रही है। ज्ञातव्य है कि रैली के दौरान आदित्यनाथ और आशुतोष टंडन के अलावा भाजपा सांसद जगदंबिका पाल, लल्लू सिंह तथा पूर्व सांसद लालजी टंडन ने भी शिरकत की थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को कार्यक्रम से तीन-चार घंटे पहले ही मानसिंह ने रैली के लिये फिर से अनुमति मांगी। इस पर उनसे कहा गया कि चूंकि चुनाव आयोग ने आदित्यनाथ को नोटिस भेज रखा है और ऐन वक्त पर अनुमति मांगी जा रही है लिहाजा इजाजत दे पाना संभव नहीं है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।