राजस्थान उपचुनाव: कांग्रेस ने 3-1 से भाजपा को दी मात
(Amber, Jaipur) विधानसभा चुनावों में बुरी तरह मात खाने वालीे कांग्रेस ने जोरदार वापसी करते हुए चार सीटों में से तीन सीटें भाजपा से जीत ली। भाजपा के खाते में केवल कोटा दक्षिण की सीट आई।
दिगंबर को करना पड़ा हार का सामना-
भाजपा के दिग्गज नेता और सीएम वसुंधरा राजे के करीबी डॉ. दिगंबर सिंह को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा। वे विधानसभा चुनाव भी हार गए थे। उन्हें सूरजगढ़ सीट पर कांग्रेस के श्रवण कुमार ने 3270 मतों से शिकस्त दी। 2013 विधानसभा चुनावों में भाजपा की संतोष अहलावत ने यहां से जीत दर्ज की थी। वैर सीट भी कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली। कांग्रेस के भजनलाल जाटव ने भाजपा के गंगाराम को 25108 वोट से हराया। पहले यहां से भाजपा के बहादुर सिंह कोली विजयी रहे थे।
नसीराबाद फिर से कांग्रेसमय- कांग्रेस की गढ़ रही नसीराबाद सीट पर एक बार फिर से "हाथ" का कब्जा हो गया है। कांग्रेस के रामनारायण गुर्जर ने भाजपा की सरिता गैना को 386 वोट से शिकस्त दी। विधानसभा चुनावों में भाजपा के सांवरलाल जाट ने यह सीट कांग्रेस से छीनी थी।
कोटा दक्षिण ने बचाई साख
हालांकि भाजपा के लिए सांत्वना की बात रही कि कोटा दक्षिण सीट बचाने में वह कामयाब रही। भाजपा प्रत्याशी संदीप शर्मा ने कांग्रेस के शिवकांत नंदवाना को 25707 मतों से शिकस्त दी। यह सीट भाजपा का गढ़ रही है। कोटा सांसद ओम बिड़ला यहां से विधायक चुने जाते रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।