चैंपियंस लीग टी20: अहम खिलाड़ियों के बिना सुपरकिंग्स का सामना करने उतरेंगे नाइट राइडर्स
(India) आईपीएल टी20 प्रतियोगिता में सफलता के साथ आत्मविश्वास से भरी केकेआर की टीम चैम्पियंस लीग में अपना दम दिखाने को तैयार थी लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले अहम खिलाड़ियों क्रिस लिन और मोर्ने मोर्कल की चोट और बांग्लादेश क्रिकेट संघ से साकिब अल हसन के एनओसी लेने के नाकाम रहने के कारण टीम को नुकसान हुआ है। गौतम गंभीर की अगुआई वाली टीम चैम्पियंस लीग में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। टीम ने 20011 और 2012 में ग्रुप चरण में जगह बनाई थी लेकिन इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही। गंभीर ने कहा, चैम्पियंस लीग में हमारा रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है। उम्मीद करते हैं कि हम इसमें सुधार कर पाएंगे। चैम्पियन्स लीग ऐसा टूर्नामेंट है जिससे हमने जीता नहीं है और हमारे पास ऐसी टीम है जो किसी भी टूर्नामेंट को जीत सकती है। इसलिए इस बार हम टूर्नामेंट जीतने के लिए प्रेरित हैं। गंभीर के अलावा केकेआर के पास जेक कैलिस, रोबिन उथप्पा और यूसुफ पठान जैसे उम्दा खिलाड़ी हैं लेकिन टीम को साकिब और मोर्कल की कमी खलेगी। कोलकाता की टीम ने टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की है और उसने कल यहां हैदराबाद एकादश के खिलाफ राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास मैच भी खेला था। कैलिस ने कल अभ्यास मैच में 43 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। दूसरी तरफ 2010 की चैम्पियन चेन्नई की टीम महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में एक बार फिर कड़ी चुनौती पेश करने को तैयार है। टीम में अनुभवी ड्वेन ब्रावो की वापसी हुई है जिससे उसे फायदा होगा। चेन्नई की टीम में कई अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं जिनमें सुरेश रैना, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और फाफ डु प्लेसिस अहम है जो टीम को मजबूत इकाई बनाते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।