एशियन गेम्स 2014: बिंद्रा को अपने आखिरी एशियाई खेलों में दो कांस्य
(India) व्यक्तिगत वर्ग का कांस्य जीतने से पहले बिंद्रा ने संजीव राजपूत और रवि कुमार के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में कांसा जीता । इससे भारत के 17वें एशियाई खेलों में अब तक कुल आठ पदक हो गए । वह 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में चीन के हाओरान यांग और यिफेइ काओ के बाद तीसरे स्थान पर रहे । बिंद्रा ने 187. 1 अंक बनाये जबकि 18 बरस के हाओरान ने 209. 6 अंक के साथ स्वर्ण जीता । यिफेइ ने 208. 9 अंक लेकर रजत हासिल किया । बिंद्रा ने कल यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि पेशेवर निशानेबाजी में यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है । पहले 12 शाट तक बिंद्रा सबसे आगे चल रहे थे और फिर पांचवें स्थान पर खिसक गए । ईरान के पोरया नोरोजियान के खराब प्रदर्शन और अपने 10. 5, 10. 6, 10. 7 के स्कोर के कारण वह बाहर होने से बच गए । इससे पहले बीजिंग ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाने में सूत्रधार की भूमिका निभाई । वह क्वालीफिकेशन दौर में पांचवें स्थान पर रहे जिससे आठ निशानेबाजों के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना सके । भारतीय टीम में बिंद्रा, कुमार और राजपूत थे जो 1863 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। चीन ने 1886.4 अंक के साथ स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने 1867. 6 अंक लेकर रजत जीता । बिंद्रा ने 625.4 अंक बनाये जबकि रवि कुमार ने 618.9 और राजपूत ने 618.7 अंक का योगदान दिया । खराब शुरूआत के बाद बिंद्रा ने उम्दा निशाने लगाये । क्वालीफिकेशन में उन्होंने 55वें शाट पर 9. 1 और 60वें पर 9.7 का खराब स्कोर किया जिससे पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा । चौथे स्थान पर रहे कोरिया के किम सेंगडो ने 626.1 अंक बनाये थे । बिंद्रा ने दस दस शाट के सेट में 102.6, 105. 3, 104.5, 104.1 और 105.7 स्कोर बनाया । इस समय वह फार्म में आते दिख रहे थे लेकिन 55वें शाट पर खराब स्कोर के कारण स्कोर 103.2 रह गया । एशियाई खेलों में निशानेबाजों का यह पांचवां पदक था जिसमें एक स्वर्ण और चार कांस्य शामिल है । पुरूषों के पिस्टल वर्ग में जीतू राय ने स्वर्ण जीता था ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।