(DELHI, India)
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने चीन के राष्ट्रपति की तीन दिवसीय भारत यात्रा की सफलता के केंद्र सरकार के दावे पर आज सवाल उठाया और चीन तथा भारत के संबंधों से निपटने के तरीके को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। सिंह ने उन रिपोर्टों का उल्लेख किया जिनके अनुसार चीन के विदेश मंत्री ने शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बयान को लेकर संतोष व्यक्त किया है जिसमें तिब्बत को चीन का अभिन्न अंग बताया गया है। सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने भारत के घोषित रूख में बड़ा बदलाव किया है। सिंह ने ट्विटर पर अपनी टिप्पणी में कहा कि मैं समझता हूं कि यह भारत का जो घोषित रूख रहा है उससे बड़ा बदलाव है। क्या हमने समझौता नहीं किया? क्या प्रधानमंत्री स्पष्टीकरण देंगे। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा भारत की अपनी यात्रा को सफल बताने के एक सप्ताह के अंदर ही दिए गए उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को ‘क्षेत्रीय युद्ध’ जीतने की तैयारी रखनी चाहिए। सिंह ने कटाक्ष किया मोदीजी क्या गलत हो गया? सिंह ने एक अन्य ट्विट में गुजरात के एक अधिकारी द्वारा कथित रूप से वितरित की गई उस विज्ञप्ति से जुड़े विवाद को लेकर भी मोदी पर हमला बोला जिसमें अरुणाचल प्रदेश को विवादित क्षेत्र के रूप में दिखाया गया है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।