पनीरसेल्‍वम ने तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री के तौर पर शपथ ली
(TAMILNADU, India) गौर हो कि जयललिता को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी करार दिया गया है और चार वर्ष कारावास की सजा सुनाई गई है। अन्नाद्रमुक विधायक दल के नेता चुने जाने के कुछ ही घंटे बाद पनीरसेल्वम को तमिलनाडु के राज्यपाल के रोसैया ने सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले भी साल 2001 में 63 वर्षीय पनीरसेल्वम को जयललिता ने अपने स्थानपन्न के रूप में इस पद के लिए चुना था। जयललिता को 66.65 करोड़ रुपये के आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में दोषी करार दिये जाने और सजा सुनाये जाने के एक दिन बाद पनीरसेल्वम को सर्वसम्मति से अन्नाद्रमुक विधायक दल का नेता चुना गया। ‘मिस्टर भरोसेमंद’ के रूप में जाने जाने वाले पनीरसेल्वम प्रभावशाली मुदुकुलाथोर समुदाय से हैं और जयललिता के विश्वस्त माने जाते हैं। राजभवन के सूत्रों के अनुसार जयललिता सरकार में वित्त मंत्री एवं बोदिनायाकानूर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पनीरसेल्वम रोसैया से मिले थे और उन्हें अन्नाद्रमुक विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से नेता चुने जाने का पत्र सौंपा था।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।