(DELHI, India)
गीते शिवसेना-बीजेपी गठबंधन के टूटने के चार दिन बाद शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शिवसेना के एकमात्र सदस्य अनंत गीते इस्तीफा देंगे इस समय मोदी सरकार में भारी उद्योग मंत्रालय संभाल रहे हैं। गौर हो कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सीटों के बंटवारे को लेकर कोई सहमति न बनने के बाद शिवसेना और बीजेपी के बीच करीब ढाई दशक पुराना गठबंधन टूट गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका से लौटने पर गीते उनके पास जाएंगे और अपना इस्तीफा सौंपेंगे। शिवसेना के सूत्रों ने कहा कि पार्टी के राजग को भी छोड़ने की संभावना है। उद्धव की यह घोषणा उनके चचेरे भाई और मनसे प्रमुख राजठाकरे द्वारा एक चुनावी रैली में उनपर निशाना साधे जाने के बाद आई है। रैली में राज ठाकरे ने शिवसेना को यह कहकर आड़े हाथ लिया था कि भाजपा से गठबंधन टूटने के बावजूद दिल्ली में वह सत्ता से ‘चिपकी हुई’ है। राज ने कहा था कि शिवसेना को मिले अपमान के खिलाफ विरोध जताने के लिए उद्धव को गीते से तत्काल इस्तीफा देने के लिए कहना चाहिए। शिवसेना के साथ 25 साल पुराना गठबंधन खत्म करने के लिए भाजपा पर हमला बोलते हुए राज ने कहा था कि यदि पार्टी प्रमुख बाल ठाकरे जीवित होते तो उन्होंने एक माह पहले ही इस गठबंधन को खत्म कर दिया होता। सत्ताधारी राजग का सबसे बड़ा घटक (18 लोकसभा सांसद) शिवसेना मोदी सरकार में मिले खराब प्रतिनिधित्व एवं गीते को मिले भारी उद्योग मंत्रालय से नाखुश थी। इस मंत्रालय को शिवसेना हल्का मान रही थी। छह बार कोंकण के रायगढ़ से सांसद रहे गीते ने कई दिनों की देरी के बाद मंत्रालय का प्रभार संभाला था। वर्ष 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी राजग सरकार में शिवसेना के कम सांसद होने के बावजूद उसके तीन केबिनेट मंत्री थे। वर्ष 2002 में उसने बेहद मांग में रहने वाला लोकसभा अध्यक्ष का पद वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी के लिए हासिल कर लिया था।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।