आज है ऋषि दा का जन्मदिन,आनंद, गुड्डी, गोलमाल, बावर्ची जैसी फिल्मों के रहे है निर्माता-निर्देशक
(India) भारत को सत्यकाम, चुपके चुपके, आनंद, अभिमान, गुड्डी, गोलमाल, बावर्ची और नमक हराम जैसी फिल्में देने वाले ऋषिकेश मुखर्जी को प्यार से ऋषि दा भी कहा जाता था। ऋषिकेश मुखर्जी का जन्म आज ही के दिन 30 सितम्बर 1922 को कोलकाता के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने के बाद कुछ समय के लिए गणित तथा विज्ञान पढ़ाया। परन्तु फिल्मों का शौक होने के कारण उन्होंने जल्द ही बी.एन सिरकार के लिए कैमरामेन का काम करने लगे। इसके बाद उन्होंने बिमल राय के साथ दो बीघा जमीन और देवदास में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। ऋषिकेश मुखर्जी ने वर्ष 1957 में अपनी पहली फिल्म मुसाफिर बनाई। उन्हें वास्तविक पहचान वर्ष 1959 में रिलीज हुई फिल्म अनाड़ी से मिली। इस फिल्म ने पांच फिल्म फेयर पुरस्कार भी जीते। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्में बनाई जिनमें अनुराधा, असली-नकली, अनुपमा, आर्शीवाद, सत्यकाम, गुड्डी, बावर्ची, नमक हराम, मिली, चुपके चुपके, खूबसूरत और बेमिसाल शामिल है। उन्होंने हिन्दी सिनेमा को अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी जैसे बड़े स्टार देने का भी श्रेय दिया जाता है।
हिन्दी फिल्मजगत में अपने अविस्मरणीय योगदान के लिए ऋषिकेश मुखर्जी को भारत सरकार द्वारा वर्ष 1999 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी नवाजा गया। वर्ष 2001 में उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 8 बार फिल्मफेयर पुरस्कार तथा 3 बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीते।
अपने अंतिम समय में ऋषिकेश मुखर्जी क्रोनिक रेनाल फेल्योर नामक बीमारी से पीडित थे जिसके चलते उन्हें मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने 27 अगस्त 2006 को अपनी अंतिम सांस ली।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।