'स्वच्छ भारत' अभियान की कल कमान संभालेंगे प्रधानमंत्री मोदी
(DELHI, India) इसके बाद पीएम मोदी का वाल्मीकी मंदिर पहुंचेंगे जहां झाड़ू लगाकर अभियान की शुरूआत करेंगे। मालूम हो कि मंदिर मार्ग पर मौजूद इसी वाल्मीकी मंदिर में बापू दलित बस्ती के बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाते थे। जिस कमरे में बापू बच्चों को पढ़ाते थे वह कमरा आज भी मौजूद है। अभियान की शुरुआत करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी यहां से इंडिया गेट के लिए रवाना हो जाएंगे। इंडिया गेट पर 'स्वच्छ भारत अभियान दौड़' का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो अक्तूबर को देशवासियों को स्वच्छता अभियान को लेकर शपथ दिलाएंगे। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय द्वारा तैयार इस शपथ की पहली पंक्ति में कहा गया है कि महात्मा गांधी का एक ऐसे भारत का सपना था जो न सिर्फ स्वतंत्र हो बल्कि साफ, सुथरा और विकसित हो। महात्मा गांधी ने भारत माता के लिए आजादी हासिल की। अब यह हमारा दायित्व है कि हम देश को साफ-सुथरा रखकर भारत माता की सेवा करें। मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को कामयाब बनाने के लिए मोदी सरकार के तमाम मंत्री एक सप्ताह पहले से ही जुट गए हैं। नरेन्द्र मोदी सरकार के ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत देश भर में काम कर रहे केंद्र सरकार के करीब 31 लाख कर्मचारी गुरुवार को आयोजित होने वाले विभिन्न सार्वजनिक समारोहों में स्वच्छता की शपथ लेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार के लाखों कर्मचारियों को भी इस व्यापक अभियान का हिस्सा बनने के लिए कहा गया है जिसकी शुरूआत यहां प्रधानमंत्री करेंगे। कैबिनेट सचिव अजित सेठ ने सभी विभागों के सचिवों को भेजे पत्र में कहा, ‘निर्णय किया गया है कि दो अक्तूबर को सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक समारोहों या कार्यक्रमों में ‘स्वच्छता शपथ’ दिलाई जाएगी और सभी सरकारी और सार्वजनिक कार्यालयों में वरिष्ठ अधिकारी स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करेंगे।’ गृह सचिव अनिल गोस्वामी नॉर्थ ब्लॉक परिसर में गृह मंत्रालय एवं कार्मिक मंत्रालय के कर्मचारियों को कल स्वच्छता शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री ने 2019 तक महात्मा गांधी के सपने को साकार करने के लिए ‘स्वच्छ भारत’ को जन आंदोलन के रूप में चलाने का आह्वान किया है। वर्ष 2019 में राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती मनाई जाएगी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।