(DELHI, India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह यहां गांधी जयंती के अवसर पर खुद झाड़ू लगाकर अपने महात्वाकांक्षी ‘स्वच्छ भारत’ मिशन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री आज सुबह वल्मीकि सदन पहुंचे और वहां स्थित वाल्मीकि बस्ती में झाड़ू लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। साथ ही, मोदी ने वाल्मीकि बस्ती में कूड़ा भी उठाया। इस दौरान उनके साथ कई गणमान्य लोग मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने राजपथ पर एक कार्यक्रम में 'स्वच्छ भारत' की शपथ दिलाने के बाद कहा कि स्वच्छ भारत मिशन राजनीति से परे है। यह देशभक्ति से प्रेरित है, राजनीति से नहीं। राजपथ पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा कि बापू (महात्मा गांधी) के स्वच्छ भारत का सपना अभी अधूरा है। यह बापू के सपने को पूरा करने का समय है। यह अभियान बहुत ही सुख देने वाला है। पीएम ने इस मौके पर वहां उपस्थित बच्चों को स्वच्छता और हर साल 100 घंटे श्रमदान करने की शपथ दिलाई। शपथ दिलाने के बाद मोदी ने स्वच्छता मार्च की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने राजपथ से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि न मैं गंदगी करूंगा और न ही करने दूंगा। बापू ने हमें सफाई का नारा दिया था। बापू ने देश को गुलामी से मुक्त कराया। लेकिन बापू का क्लीन इंडिया का सपना अभी अधूरा है। गांधी ने स्वच्छ, विकसित देश की कल्पना की थी। इसलिए देश की मौजूदा स्थिति को बदलना है। मेरी सरकार पर भरोसा न करें लेकिन महात्मा गांधी पर करें। इस सफाई अभियान को मां भारती की भक्ति से जोडि़ए। गंदगी को दूर कर देश की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। स्वच्छ भारत अभियान हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस देश की सभी सरकारों ने सफाई को लेकर कई प्रयास किए हैं। उनके प्रयासों की मैं सराहना करता हूं और वे अभिनंदन के अधिकारी हैं। सफाई और विकास के लिए सभी सरकारों का अभिनंदन करता हूं। हम सबका दायित्व बनता है कि बापू के सपनों को हम सब मिलकर पूरा करें। स्वच्छ भारत अभियान को आज जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। हमारे पास 2019 तक का समय है और हम सबको मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाना है। पीएम ने कहा कि इस मिशन से से जुड़ने के लिए राष्ट्रनीति से प्रेरित होकर काम करना है। इसके लिए सोशल मीडिया पर एक अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के लिए 9 प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया है। इस आलोचना को खारिज करते हुए कि उनकी सरकार हर उपलब्धि का श्रेय ले रही है, मोदी ने भारत को स्वच्छ बनाने में पूर्व की सभी सरकारों के प्रयासों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति की बात नहीं कर रहा, यह राजनीति से परे है। यह मेरी देशभक्ति से प्रेरित है, न कि राजनीति से। हम यह राजनीति के उद्देश्य से नहीं कर रहे, मैं सच्चे दिल से कहता हूं यदि हम इसे राजनीतिक रंग देंगे तो हम भारत मां के साथ न्याय नही कर पाएंगे। राजपथ पर उन्होंने इस पंचवर्षीय अभियान की औपचारिक शुरूआत की जिसके दायरे में 4,041 नगर होंगे। इस अवसर पर अपने 25 मिनट के संबोधन में मोदी ने कहा कि इस देश की सभी सरकारों ने इस कार्य के लिए कुछ न कुछ किया है। कई राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने इस दिशा में काम किया है। जिन्होंने काम किया, मैं उन सबको बधाई देता हूं। लोगों को भारत को स्वच्छ बनाने की शपथ दिलाते हुए मोदी ने कहा कि यह दायित्व केवल सफाई कर्मचारियों या सरकार का नहीं, बल्कि सभी 125 करोड़ भारतीयों का है। उन्होंने कहा कि आज के अभियान को महज फोटो खिंचवाने के अवसर के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने यहां सफाई कर्मियों की कॉलोनी वाल्मीकि बस्ती में खुद झाड़ू लगाकर एक फुटपाथ को साफ किया।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।