मुक्‍केबाज सरिता ने बिना शर्त माफी मांगी: एआईबीए
(India) एआईबीए ने यहां बयान जारी करके कहा कि भारतीय मुक्केबाज को अपनी इस हरकत पर खेद है। एआईबीए ने बयान में कहा कि इंचियोन एशियाई खेल 2014 में भारतीय मिशन प्रमुख आदिले जे सुमारिवाला ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डा. चिंग कुओ वू को 17वें एशियाई खेलों के पदक वितरण समारोह में कांस्य पदक स्वीकार करने से इनकार करने वाली महिला मुक्केबाज सरिता लैशराम देवी (57 से 60 किग्रा) का माफीनामा भेजा है। इसमें कहा गया कि सरिता ने कल समारोह में भावनाओं में बहने के लिए बिना शर्त माफी मांगी है। उन्होंने लिखा है ‘मुझे खेद है और माफी मांगती हूं। भविष्य में कभी दोबारा ऐसी घटना नहीं होगी।’ सरिता ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की जिना पार्क के खिलाफ विवादास्पद हार के बाद पदक वितरण समारोह के दौरान कांस्य पदक स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। एआईबीए ने सरिता की इस हरकत पर कड़ा रूख अपनाते हुए कहा था कि ऐसा लगता है कि यह पूरी घटना मुक्केबाज और उसकी टीम द्वारा काफी अच्छी जगह बनाई गई योजना का हिस्सा है और यह खेदजनक है कि मुक्केबाज ने प्रतियोगिता में जो हुआ उसके बाद पदक स्वीकार करने से इनकार कर दिया। कल एशियाई ओलंपिक परिषद की सुनवाई के बाद सरिता के पदक को बहाल कर दिया गया। सुनवाई में भारतीय दल ने घटना पर खेद जताया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।