मोदी ने चौटाला परिवार की आलोचना की, वाड्रा भूमि सौदे पर कांग्रेस पर निशाना साधा
(DELHI, India) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान के दौरान दो तरफा हमला करते हुए चौटाला परिवार और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया और मतदाताओं से राज्य में ‘बाहुबलियों’ से निजात पाने के लिये भाजपा को स्पष्ट जनादेश देने का आग्रह किया जबकि राबर्ट वाड्रा के भूमि सौदे का मुद्दा उठाते हुए वंशवाद की राजनीति को समाप्त करने की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के संदर्भ मोदी ने राज्य में पूर्व में शासन करने वालों को ‘बाहुबली’ करार देते हुए कहा, ‘हरियाणा को बहुबलियों से निजात पाने की जरूरत है ताकि आम लोगों को सुशासन, बुजुर्गो को सम्मान और महिलाओं को सुरक्षा मिल सके।’ राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान रैलियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में पूर्ण बहुमत वाली सरकार ही हरियाणा को बहुबलियों से निजात दिला पायेगी। राज्य में कांग्रेस सरकार द्वारा सोनिया गांधी के दामाद वाड्रा और डीएलएफ से जुडे भूमि सौदों को आधिकारिक तौर पर वैध करार देने की खबरों पर प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग को इस पर गंभीर संज्ञान लेना चाहिए। मोदी ने एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘वे (हुड्डा सरकार) जानते हैं कि चुनाव के बाद दामाद (वाड्रा) को अवैध सौदों की मंजूरी नहीं मिलेगी। इसलिए चुनाव प्रक्रिया के बीच में उन्होंने ऐसा निर्णय करने का दुस्साहस किया।’

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।