प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसा मुखिया माना जाता है जो अपने सिपहसालारों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए अपना ही रास्ता अख्तियार करते हैं, लेकिन भाजपा के अध्यक्ष और बीते लोकसभा चुनाव में पार्टी के तथाकथित मैन ऑफ द मैच अमित शाह इस मामले में मोदी से भी एक कदम आगे जाते दिख रहे हैं। महाराष्ट्र चुनाव का जिम्मा संभाल रहे शाह ने राज्य में पार्टी के हर प्रत्याशी और प्रमुख नेताओं की गाडियों में जीपीएस उपकरण फिट करवा दिए हैं। इनमें प्रदेश के बाहर के वो नेता भी शामिल हैं, जिन्हें राज्य में चुनाव प्रचार के लिए जाना है या गए हैं। इसका मतलब यह है कि उन नेताओं के पल-पल की गतिविधि पर शाह की नजर रहेगी।शाह का मकसद साफ है कि पार्टी के नेता चुनाव के दौरान अपने लक्ष्य से बिलकुल नहीं भटकें। पार्टी के एक प्रमुख नेता ने बताया कि कई बार दूसरे राज्यों से आने वाले नेता आते तो कई दिन के लिए हैं, लेकिन वे एकाध दिन प्रचार या अन्य कार्यो को देते हैं और फिर आराम फरमाने में लग जाते हैं, लेकिन शाह उन्हें इस बार आराम करने नहीं देना चाहते। वे चाहते हैं कि ये नेता अपने होटल में न बैठ जाएं, बल्कि लोगों और मतदाताओं से मिलते-जुलते रहें। इसलिए हर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी की गाड़ी में भी जीपीएस लगवाया गया है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।