(HARYANA, India)
‘स्कैम’ हरियाणा को ‘स्किल’ हरियाणा में बदलने का वादा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को प्रदेश के लोगों से स्पष्ट बहुमत वाली भाजपा सरकार चुनने की अपील की और कहा कि वह केंद्र के साथ राज्य के संबंधों को मजूबत बनाना चाहते हैं ताकि उसकी किस्मत को बदला जा सके। मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जानता हूं कि आप इस बात से दुखी हैं कि हरियाणा को घोटालों के प्रदेश के रूप में जाना जाने लगा है। यहां घोटाले हैं, घोटलों के भीतर घोटाले हैं। हमारे विरोधी सभी घोटालों में शामिल हैं। क्या आप घोटालों वाला हरियाणा चाहते हैं? मैं स्किल हरियाणा बनाना चाहता हूं। आपको तय करना है कि क्या आप स्कैम हरियाणा चाहते हैं या स्किल हरियाणा? प्रधानमंत्री ने लोगों से भाजपा सरकार चुनने का आग्रह किया ताकि राज्य को तीव्र विकास के पथ पर अग्रसर किया जा सके। मोदी ने खेद जताया कि वंशवाद की राजनीति के कारण पिछले 25 वर्षों में हरियाणा का विकास नहीं हो पाया है। मोदी ने कहा कि अगर वंशवाद की राजनीति जारी रहेगी तब क्या आपकी किस्मत बदलेगी? अगर हरियाणा को सम्मान के साथ जीना है तब हमें वंशवाद की राजनीति से मुक्त होने की जरूरत है। पिछले 25 वर्षों में चार-पांच परिवारों ने हरियाणा पर नियंत्रण रखा है और आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको तय करना है कि क्या आप हरियाणा को भ्रष्टाचार से मुक्त देखना चाहते हैं? क्या आप हरियाणा को बाहुबलियों और भ्रष्ट लोगों से मुक्त देखना चाहते हैं? तब आपको नई राह चुननी होगी। अब एक ही रास्ता बचा है जो भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार चुनने का है। केंद्र-राज्य संबंधों और टीम इंडिया के महत्व को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री एक टीम के रूप में मुख्यमंत्री के साथ खड़ा होता है। उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र और राज्य अगल बगल तो खड़े होते थे लेकिन करीब नहीं होते थे। वह चाहते हैं कि दोनों एकसाथ खड़े हों और एक ताकत के रूप में काम करें। मोदी ने कहा कि अब तक एक जमा एक दो होता था क्योंकि राज्य केंद्र के बाद होता था। मैं इस गणित को बदलना चाहता हूं ताकि एक जमा एक मिलकर ग्यारह बन जाएं। यह भारत को ग्यारह गुना अधिक ताकतवर बनाएगा और देश की किस्मत को बदलने में अधिक समय नहीं लगेगा।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।