भुवनेश्वर कुमार पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड के लिये नामांकित
(India) मेरठ के इस 24 वर्षीय गेंदबाज ने पिछले कुछ अर्से में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस साल एलजी पीपुल्स च्वाइस पुरस्कार के लिये पांच अलग अलग देशों के क्रिकेटरों को नामांकित किया गया है। आईसीसी पुरस्कारों में यह अकेला पुरस्कार है जिसमें जनता की वोटिंग के आधार पर फैसला होता है। भुवनेश्वर का मुकाबला आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल जानसन, इंग्लैंड महिला टीम की कप्तान चालरेट एडवर्डस, श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन से होगा । इसके विजेता, आईसीसी टेस्ट और वनडे टीम आफ द ईयर और आईसीसी पुरस्कार 2014 के बाकी नामांकन का ऐलान पांच नवंबर को यहां आईसीसी मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में किया जायेगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेविड रिचर्डसन और आईसीसी क्रिकेट समिति के अध्यक्ष अनिल कुंबले उसमें मौजूद होंगे । खिलाड़ियों का चयन कुंबले की अध्यक्षता वाली क्रिकेट विशेषज्ञों की पैनल ने किया है। इसके बाकी सदस्यों में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन एग्न्यू, श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज रसेल अर्नाल्ड, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग और आईसीसी महिला समिति की पूर्व अध्यक्ष बैटी टिमर शामिल थे। इससे पहले पीपुल्स च्वाइस पुरस्कार सचिन तेंदुलकर (2010), कुमार संगकारा (2011 और 2012) और महेंद्र सिंह धोनी (2013) को मिल चुका है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।