(India)
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार मध्यप्रदेश सरकार की ओर से दिए जाने वाले इस सम्मान में समीर को दो लाख रूपये का चेक, सम्मान पट्टिका, शाल एवं श्रीफल प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष बारी-बारी से निर्देशन, अभिनय, पटकथा एवं गीत लेखन के क्षेत्र में दिया जाता है। मध्यप्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री कुंवर विजय शाह समीर को इस सम्मान से विभूषित करेंगे। सम्मान अलंकरण के पश्चात विख्यात पाश्र्व गायिका उषा मंगेशकर की गीत-संगीतमय प्रस्तुति भी होगी। किशोर कुमार का निधन 13 अक्टूबर 1987 को मुंबई में हुआ था और उनकी इच्छानुसार उनका अंतिम संस्कार खंडवा में किया गया था। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार समीर को यह सम्मान गीत लेखन के क्षेत्र में प्रदान किया जा रहा है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा गठित चयन समिति में शामिल विख्यात पटकथाकार सलीम खान, अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक, प्रख्यात पाश्र्व गायिका अनुराधा पौड़वाल, गीतकार इब्राहीम अश्क तथा फिल्म पत्रकार जयप्रकाश चौकसे ने समीर का नाम चुना। समीर का जन्म 24 फरवरी 1958 में हुआ। अपने समय के प्रतिष्ठित गीतकार अनजान के बेटे समीर तीन दशक से लगातार फिल्मों में एक गीतकार के रुप में अपना स्थान बनाए हैं। समीर ने दिल, आशिकी, दीवाना, हम हैं राही प्यार के, कुछ-कुछ होता है, बेटा, साजन, राजा हिन्दुस्तानी, फिजा, धड़कन, कभी खुशी-कभी गम, देवदास, तेरे नाम, धूम, साँवरिया एवं दबंग-2 आदि में गीत लिखे हैं। समीर को फिल्म फेयर पुरस्कार एवं आइफा स्क्रीन अवार्ड प्राप्त हुए हैं। उन्हें उत्तरप्रदेश सरकार का यश भारती सम्मान भी प्राप्त हुआ हैं।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।