प्रवक्ता पद से हटाए जाने का पार्टी का फैसला स्वीकार : शशि थरूर
(DELHI, India) स्वच्छ भारत अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा किए जाने पर कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाए गए शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि वह पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हैं और पार्टी उन्हें आगे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी उसे वह पूरी तरह से निभाएंगे। प्रवक्ता पद से हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए शशि थरूर ने कहा, 'अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति मैंने देखी है। पार्टी का एक वफादार कार्यकर्ता होने के नाते मैं प्रवक्ता पद के दायित्व से मुक्त करने के पार्टी अध्यक्ष के निर्णय को स्वीकार करता हूं।' थरूर ने कहा, 'अपनी पार्टी के जरिए भारत के लोगों और अपने निर्वाचन क्षेत्र तिरूवनंतपुरम की सेवा करने के लिए मैं राजनीति में हूं। मैंने इस काम को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से किया है और ऐसा करना मैं आगे भी जारी रखूंगा। पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी मुझे दी है उसे मैंने पूरी तरह से निभाया है।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'मैं पूरी तरह से मानता हूं कि जिम्मेदारियों में बदलाव करने का विशेषाधिकार पार्टी के पास है।'
केरल कांग्रेस की शिकायत पर थरूर ने कहा कि उन्होंने केपीसीसी की शिकायत देखी नहीं है। थरूर ने कहा, 'मैं अब इस मामले को खत्म समझ रहा हूं और मुझे इस बारे में कुछ भी कहना नहीं है।' ज्ञात हो कि पीएम मोदी की प्रशंसा करने से जुड़े घटनाक्रम में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को शशि थरूर को पार्टी के प्रवक्ता के पद से हटा दिया। मोदी की प्रशंसा करने से कांग्रेस की केरल इकाई असहज हो गई थी। कांग्रेस महासचिव जनार्धन द्विवेदी ने एक बयान में कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की अनुशासन समिति की उस सिफारिश को स्वीकार कर लिया है जिसमें शशि थरूर को एआईसीसी के प्रवक्ताओं की सूची से तत्काल प्रभाव से हटाने की बात कही गई थी।’ उन्होंने कहा, ‘ केरल प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति के समक्ष इस संबंध में शिकायत की थी।’ केरल प्रदेश कांग्रेस समिति ने थरूर के खिलाफ एक रिपोर्ट तैयार की थी जिसे कुछ दिन पहले एआईसीसी की अनुशासन संबंधी कार्रवाई समिति के पास भेजा गया था। पार्टी की केरल इकाई ने कहा था कि मोदी के बारे में थरूर के बयान से केरल में कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हुए हैं जिन्होंने तिरूवनंतपुरम लोकसभा सीट से थरूर की जीत के लिए ईमानदारी और परिश्रम के साथ काम किया था।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।