चक्रवात 'हुदहुद': विशाखापट्टनम की स्थिति का जायजा लेने आज पहुंचेंगे पीएम नरेंद्र मोदी, आंध्र में अब तक
(Anakapalle, Visakhapatnam) चक्रवाती तूफान में 24 लोगों की जान गई है और यह तटीय आंध्र प्रदेश में अपने पीछे भारी तबाही के निशान छोड़ गया है। वहीं, वह ओड़िशा के प्रभावित हिस्सों का भी हवाई सर्वेक्षण करेंगे। आंध्र प्रदेश सरकार के सलाहकार (संचार) परकला प्रभाकर के अनुसार मोदी विशाखापत्तनम का दौरा करेंगे और दोपहर बाद शहर का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। राहत अभियान पर नजर रखने के लिए बंदरगाह शहर में पहले से ही डेरा डाले मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू द्वारा भारी तबाही के बारे में प्रधानमंत्री को अवगत कराए जाने की उम्मीद है। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया था कि वे मंगलवार को विशाखापत्तनम जाएंगे और हालात का जायजा लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से बात की है और लगातार उनसे ताजा हालात की जानकारी ले रहे हैं। सरकार विशाखापट्टनम, श्रीकाकुलम और विजियानगरम जिलों में जन जीवन को पटरी पर लाने के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इन्हीं जिलों में तूफान ने सबसे अधिक तबाही मचाई है। गौर हो कि आंध्र प्रदेश और ओड़िशा चक्रवाती तूफान हुदहुद गुजरने के बाद उसके प्रभाव से जूझ रहे हैं जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं तथा बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम सहित करीब एक दर्जन जिलों में आधारभूत ढांचे को नुकसान पहुंचा है। चक्रवात में दर्जनों की मौत हो गई और सात लाख से अधिक लोगों को शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। चक्रवाती तूफान के आंध्र प्रदेश से ओड़िशा में आने के बाद करीब 50 हजार कच्चे मकानों, बिजली नेटवर्क, सड़कों को नुकसान पहुंचा। उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशाखापत्तनम के अपने दौरे की पूर्व संध्या पर चक्रवात प्रभावित राज्यों के हालात का जायजा लेते हुए केंद्र के शीर्ष आधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आंध्र प्रदेश और ओड़िशा में राहत एवं बचाव कार्य में कोई रुकावट नहीं आए।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।