(MAHARASHTRA, India)
फड़नवीस ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी सारे विकल्प खुले हैं और शिवसेना दुश्मन नहीं है। फड़नवीस का कहना है कि बीजेपी ने शिवसेना को कभी भी राजनीतिक प्रतिद्वन्द्वी के तौर पर नहीं देखा। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा शिवसेना से समर्थन मांगेगी, उन्होंने कहा कि मैं काल्पनिक सवालों का उत्तर नहीं दूंगा। शिवसेना कभी भी हमारी राजनीति प्रतिद्वन्द्वी नहीं रही। महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस पूरे चुनाव में राज्य बीजेपी का चेहरा थे। फड़नवीस ने कहा कि हमने उनके (शिवसेना) बारे में कभी कुछ नहीं कहा। हमने अपने चुनाव प्रचार के दौरान भी उनकी कभी आलोचना नहीं की। उन्होंने हालांकि कहा कि जिस तरह से उन्होंने हमारी आलोचना की, जिस तरह से हमारे नेताओं के खिलाफ बोले, उससे हम काफी आहत हैं। महाराष्ट्र एक बार फिर से गठबंधन सरकार की ओर बढ़ता दिख रहा है और अब तक सभी 288 सीटों के प्राप्त रुझान में किसी भी दल के अपने दम पर सरकार बनाने की संभावना नहीं दिख रही है हालांकि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। उधर, बीजेपी सूत्रों के अनुसार, फड़नवीस और ओम माथुर आज उद्धव ठाकरे से मिल सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी और शिवसेना को साथ लाने के लिए यह जनादेश मिला है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।