महाराष्ट्र में त्रिशंकु विधानसभा में BJP सबसे बड़ी पार्टी; हरियाणा में पूर्ण बहुमत के साथ सत्‍ता तय
(DELHI, India) रुझानों में हरियाणा में बीजेपी को अकेले बहुमत मिलना तय है। महाराष्ट्र में ऐसी स्थिति उभर रही है जहां भाजपा और शिवसेना के फिर से करीब आने की संभावना बने। राज्य में चुनाव नतीजों एवं रूझान से मिले संकेत के आधार पर बीजेपी बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे दिख रही है जिससे राज्य में एक बार फिर गठबंधन सरकार की संभावना बलवती हो गई है। शिवसेना पूर्व में भाजपा की सहयोगी पार्टी रही थी लेकिन इस चुनाव से पहले इनके बीच गठबंधन टूट गया। महाराष्ट्र और हरियाणा में अभी कांग्रेस की सरकारें हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव मतगणना के अब तक प्राप्‍त रुझान के मुताबिक दोनों राज्यों में कांग्रेस की पराजय निश्चित है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों के अनुसार हरियाणा में बीजेपी की जीत लगभग तय है और रुझानों में पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, महाराष्‍ट्र के रुझानों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन बहुमत से दूर है। ऐसे में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए गठबंधन की जरूरत पड़ेगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना में 288 सीटों पर अब तक प्राप्त रुझानों में बीजेपी 120 सीटों पर आगे चलते हुए सबसे बड़े दल के रूप में उभर रही है। वहीं, शिवसेना 58 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस 43 सीटों पर, एनसीपी 43 सीटों पर, एमएनएस 1 सीटों और अन्‍य दल 23 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
वहीं, हरियाणा में बीजेपी ने अब तक प्राप्‍त रुझानों के अनुसार बहुमत हासिल कर लिया है। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों पर बीजेपी 47 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) 19 सीटों और कांग्रेस 15 सीटों पर आगे चल रही है। हजकां 2 सीट पर और अन्‍य दल 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

महाराष्‍ट्र :
- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र फड़नवीस नागपुर (दक्षिण पूर्व) सीट से जीते।

- निपहद सीट पर शिवसेना के वर्तमान विधायक अनिल साहेबराव कदम ने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के वैकुंठ पाटिल को 3921 मतों से पराजित कर कब्जा बरकरार रखा।

- मालेगांव मध्य सीट पर कांग्रेस के शेख आसिफ शेख राशिद ने जीत दर्ज की। राशिद ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी एनसीपी के मुफ्ति मोहम्मद इस्माइल कासमी को 18 हजार मतों से पराजित किया।

- तटीय कोंकण की कुदाल सीट से कांग्रेस के नारायण राणे हारे। शिवसेना के वैभव नाइक ने राणे को पराजित किया।

-एनसीपी नेता छगन भुजबल ने नासिक जिले की येओला सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी शिवसेना के संभाजी पवार को 46,442 मतों से पराजित किया।

- बीजेपी की माधुरी मिसल ने पार्वती चुनाव क्षेत्र पर कब्जा जमाया।

-पश्चिमी महाराष्ट्र की दक्षिण कराड सीट से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण जीते।

- बारामती से पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजीत पवार जीते।

हरियाणा :
- हरियाणा के मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र सिंह हुड्डा किलोई सीट से जीते।
- हरियाणा में बीजेपी विधायक दल के नेता और अंबाला केंट सीट से पार्टी प्रत्याशी अनिल विज ने कांग्रेस के निर्मल सिंह को 15,462 मतों से हराया।
-हरियाणा की मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने झज्जर (सु) विधानसभा सीट पर इनेलो के साधु राम को 26,584 मतों से हराया।
- इंडियन नेशनल लोक दल के जयवीर सिंह ने खरखौदा सीट पर कब्जा जमाया।
- भाजपा के ज्ञान चंद गुप्ता ने आईएनएलडी के कुलभूषण गोयल को 44000 से ज्यादा वोटों से हराया।
- निर्दलीय रहीश खान ने पुनाहाना सीट पर आइएनएलडी के मोहम्मद इल्यास को हराया।
- शिरोमणी अकाली दल के बलकार सिंह ने कालावाली सीट जीती।
- इनेलो के परमिंदर सिंह धुल ने जुलाना सीट जीती, कांगे्रस के धर्मेद्र सिंह धुल को हराया।
- बवानी खेड़ा (सु) सीट पर भाजपा के विशंभर सिंह ने इनेलो के दया भुरताना को 2559 मतों के अंतर से हराया।
- इन्द्री सीट पर भाजपा के करणदेव कंबोज ने इनेलो की उषा कश्यप को 23875 मतों के अंतर से हराया।
- कालका सीट पर भाजपा की लतिका शर्मा ने इनेलो के प्रदीप चौधरी को 19027 मतों के अंतर से हराया।
- नारायणगढ़ सीट पर भाजपा के नायब सिंह ने कांग्रेस के रामकिशन को 24361 मतों के अंतर से हराया।
- पंचकुला सीट पर भाजपा के ज्ञानचंद गुप्ता ने इनेलो के कुलभूषण गोयल को 44602 मतों के अंतर से हराया।
- कलावती (सु) सीट शिरोमणि अकाली दल के खाते में गई है जहां उसके उम्मीदवार बलकौर सिंह ने कांग्रेस के शीशपाल केहरवाला को 12965 मतों के अंतर से हराया।
-नरवाना (सु) सीट पर इनेलो प्रत्याशी पिरथी सिंह ने भाजपा की संतोष रानी को 9152 मतों से हराया।
-जुलाना सीट पर इनेलो के परमिंदर सिंह ढल ने कांग्रेस के धर्मेन्द्र सिंह ढल को 22,806 मतों के अंतर से हराया।
-खरखौदा (सु) सीट पर कांग्रेस के जयवीर सिंह ने निर्दलीय पवन कुमार को 14,182 मतों से हराया।
-फरीदाबाद एनआईटी सीट पर इनेलो के नागेन्द्र भडाना ने निर्दलीय प्रत्याशी पंडित शिव चरण लाल शर्मा को 2,914 मतों से हराया।
-फिरोजपुर झिरका सीट पर इनेलो के नसीम अहमद ने निर्दलीय प्रत्याशी मम्मन खान को 3,245 मतों से हराया।
-गोहाना सीट पर कांग्रेस के जगबीर सिंह मलिक ने इनेलो के कृष्ण चंद्र बांगर को 3,228 मतों से हराया।
-बरवाला विधानसभा सीट पर इनेलो के वेद नारंग ने भाजपा के सुरिन्दर पुनिया को 10,261 मतों के अंतर से हराया।
-दादरी सीट पर इनेलो के राजदीप ने भाजपा के सोमवीर को 1,601 मतों के अंतर से हराया।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।