कांग्रेस ने महाराष्ट्र में खराब प्रदर्शन के लिए एनसीपी को ठहराया दोषी
(MAHARASHTRA, India) पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके पक्ष में कोई ‘लहर नहीं’ है क्योंकि रूझान संकेत देते हैं कि भाजपा बहुमत से पीछे रह जाएगी। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा, ‘मैं इस बात को मानता हूं कि भ्रष्टाचार को लेकर भी एक धारणा थी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसके लिए पूरी तरह से हमारे गठबंधन सहयोगी जिम्मेदार है। इस कारण हम दबाव में आए और नकारात्मक अंक मिले। कुल मिलाकर असर नकारात्मक रहा।’’ उन्होंने कहा कि इसके चलते राज्य सरकार का अच्छा काम भ्रष्टाचार के मुद्दे तले दब गया । ‘‘यह बहुत गंभीर और दुखद है और अगर यह सच होता है तो बेहद निराशाजनक है। हमें सुधारात्मक कदम उठाने हैं, जो हम उठाएंगे।’ मोदी लहर को ‘छद्म’ बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा दावा तो बड़े बड़े करती है लेकिन 110-120 तक ही सीट मिलने का रूझान उसके दावों को झुठला रहा है। उन्होंने कहा, ‘जीतना एक हिस्सा है। 15 साल के बाद हम ज्यादा सीट जीतने के बारे में बहुत आशावादी नहीं हो सकते। सत्ता विरोधी लहर स्वाभाविक है। लेकिन मोदी लहर कहां है?’ हरियाणा विधानसभा के नतीजों पर सिंघवी ने कहा कि महाराष्ट्र की तरह वहां सरकार ने अच्छा काम किया लेकिन हार के बारे में पड़ताल की जाएगी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।