(DELHI, India)
विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राहुल ने कहा, ‘हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं। महाराष्ट्र में हमारी सरकार के 15 साल और हरियाणा में 10 साल के बाद लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है।’ राहुल ने भाजपा को जीत के लिए बधाई देते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस लोगों का विश्वास जीतने के लिए कड़ी मेहनत करेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां एक बयान में कहा, ‘मैं भाजपा को उनकी सफलता के लिए शुभकामना देता हूं। कांग्रेस लोगों का भरोसा जतीने के लिए जमीनी स्तर पर फिर कड़ी मेहनत करेगी।’ इस बीच, कांग्रेस महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि पार्टी ‘उम्मीद से नीचे आये इस प्रदर्शन’ के कारणों की समीक्षा के लिए बैठ कर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा, ‘हरियाणा में बदलाव की परंपरा रही है। प्रत्येक चुनाव में सरकार बदलती है। 1966 में राज्य के गठन के बाद एकमात्र अपवाद पिछले चुनाव थे जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने 2009 में सत्ता को बरकरार रखा।’ महाराष्ट्र में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस की पराजय की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि भले ही कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, लेकिन उसने कुछ जमीन हासिल कर ली है जो लोकसभा में गंवायी थी।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।