हरियाणा बीजेपी के विधायकों की बैठक आज, सीएम पद की रेस में एमएल खट्टर आगे
(HARYANA, India) बैठक की अध्यक्षता संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू और पार्टी उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा करेंगे, जिन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड ने राज्य के मुख्यमंत्री पद पर निर्णय करने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जानकारी के अनुसार, नवनिर्वाचित विधायक अपने नेता का चुनाव करने के लिए आज बैठक करेंगे। बैठक में शामिल होने केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू आज चंडीगढ़ जाएंगे। आरएसएस के प्रचारक मनोहर लाल खट्टर हरियाणा में बीजेपी के सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो पहली बार विधायक बने खट्टर राज्य के भाजपा अध्यक्ष राम बिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, अनिल विज और ओपी धनखड़ जैसे नेताओं पर भारी पड़ रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पद के कई आकांक्षी दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के समक्ष लॉंबिग कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व द्वारा शीर्ष पद के लिए उम्मीदवार का नाम अभी तक तय नहीं किया गया है और उम्‍मीद कि सीएम पद के नाम पर आज विधायकों की बैठक में मुहर लग जाएगी। गौर हो कि साल 1966 में राज्य के गठन के बाद यह भाजपा की पहली सरकार होगी। इससे पहले, शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने के लिए हरियाणा की जनता को बधाई दी और कहा कि राज्य को मंगलवार तक उसका मुख्यमंत्री मिल जाएगा। नायडू ने यहां एक समारोह से इतर कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को पूरा समर्थन दिया है। भाजपा के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि हरियाणा की जनता ने सरकार बनाने के लिए भाजपा को जनादेश दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री कौन, के सवाल पर नायडू ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन की घोषणा मंगलवार को जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं मंगलवार को चंडीगढ़ जा रहा हूं क्योंकि पार्टी अध्यक्ष ने पर्यवेक्षक के नाते मुझे हरियाणा विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया को पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने केवल चार सीटें जीती थीं लेकिन इस बार उसने 90 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटे जीत कर इतिहास रच दिया है। नवनिर्वाचित विधायक अपने नेता का चुनाव करने के लिए आज बैठक करेंगे। हरियाणा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल को एक पत्र सौंपकर उनसे प्रदेश में सरकार गठन के लिए पार्टी को आमंत्रित किए जाने की अपील की जाएगी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।