महाराष्ट्र का अगला CM गडकरी को बनाया जाना चाहिए: बीजेपी नेता मनगंटीवार
(MAHARASHTRA, India) बीते दो दिन से सीएम की तलाश करने वाले पर्वेक्षक राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा लगातार अपना मुंबई दौरा रद्द कर रहे हैं। बीजेपी अभी पसोपेश में है कि राज्य का अगला सीएम किसे बनाया जाए। इस बीच महाराष्ट्र बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुधीर मनगंटीवार ने कहा है कि राज्य का अगला सीएम नितिन गडकरी को बनाया जाया चाहिए। उन्होंने बहुत ही अच्छे काम किए हैं। मनगंटीवार महाराष्ट्र बीजेपी की कोर कमेटी के सदस्य भी हैं। यह पहले से कहा जा रहा है कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी सीएम पद के दावेदार हो सकते हैं। हालांकि गडकरी साफ कर चुके हैं कि अब मुंबई में उनका मन नहीं लगता। वह दिल्ली में ही रहकर काम करना पसंद करेंगे। मनगंटीवार महाराष्ट्र के उसी विदर्भ के इलाके से आते हैं जहां से नितिन गडकरी और देवेंद्र फडणवीस आते है। हालांकि इस वक्त महाराष्ट्र के सीएम की रेस में देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। गौर हो कि महाराष्ट्र में मोदी लहर पर सवार बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनने में सफल रही है लेकिन राज्य में ‘त्रिशंकु विधानसभा’ बनना तय है। महाराष्ट्र में ऐसी स्थिति उभरी है जहां भाजपा और शिवसेना के फिर से करीब आने की संभावना बने। राज्य में चुनाव नतीजों एवं रूझान से मिले संकेत के आधार पर बीजेपी बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे है जिससे राज्य में एक बार फिर गठबंधन सरकार की संभावना बलवती हो गई है। शिवसेना पूर्व में भाजपा की सहयोगी पार्टी रही थी लेकिन इस चुनाव से पहले इनके बीच गठबंधन टूट गया। देखना यह है कि अपनी सरकार और अपने सीएम बनाने की कवायद में जुटी बीजेपी सरकार का गठन किसका गठजोड़ कर करती है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।