(Amber, Jaipur)
प्रदेश में वसुंधरा राजे सरकार बनने के दस महीने बाद आज राज्य मंत्रिमंडल का पहला विस्तार होगा। नए मंत्रियों को दोपहर तीन बजे राजभवन में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई जाएगी। राज्य सरकार की ओर से समारोह के बारे में राजभवन में भी सूचना दे दी गई है। वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित नौ केबिनेट और तीन राज्य मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में अधिकतम संख्या 30 हो सकती है। इस हिसाब से 18 और नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में 12 से 14 नए मंत्री शामिल किए जाएंगे। इसमें जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है।गौरतलब है कि जल संसाधन मंत्री सांवरलाल जाट मई में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफे के छह महीने तक ही वे मंत्री बने रह सकते हैं। यह मियाद अगले महीने खत्म हो रही है। जाट के मंत्री पद से हटने पर मंत्रिमंडल की संख्या 11 रह जाएगी। नियमों के अनुसार न्यूनतम संख्या 12 रहनी जरूरी है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पास फिलहाल करीब 45 विभागों का प्रभार है। इसको लेकर सरकार विपक्षी दल कांग्रेस के निशाने पर थी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पिछले महीने के अंत में दिल्ली गई थी। तब से ही मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद शुरू हो गई। दिल्ली में राजे के आवास पर इस मामले में राजे की राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्योदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और पंचायतीराज मंत्री गुलाबचंद कटारिया के साथ बैठक भी हुई थी। लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की व्यस्तता के चलते हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला किया गया।जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना है, उन्हें सरकार की ओर से देर रात तक फोन पर सूचित किया गया। वहीं विधायक घनश्याम तिवाड़ी और नरपत सिंह राजवी के नाम भी चर्चा में रहे। लेकिन इन विधायकों का कहना था कि उनके पास सरकार की ओर से कोई सूचना नहीं मिली है। वहीें डा. रामप्रताप, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, चंद्रकांता मेघवाल, समा राम गरासिया, ओटा राम देवासी, लादूराम विश्नोई, अमरा राम चैधरी, भवानी सिंह राजावत, रामहेत यादव, बंशीधर बाजिया, राव राजेंद्र सिंह, वासुदेव देवनानी, श्रीचंद कृपलानी, विट्ठलशंकर अवस्थी, जैतारण से विधायक सुरेंद्र गोयल, ज्ञानचंद पारख, कैलाश भंसाली, शंकर सिंह रावत, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत विजय बंसल आदि के नाम सूची में बताए जा रहे हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।