जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: निर्वाचन आयोग ने पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी की
(JAMMUandKASHMIR, India) 25 नवंबर को पहले चरण के तहत 15 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा जो बांदिपोरा, कश्मीर घाटी के गंदरबल, कारगिल, लद्दाख क्षेत्र के लेह तथा जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़, डोडा तथा रामबन में फैली हैं । जम्मू कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमंग नरूला ने एक अधिसूचना में कहा कि अधिनियम की धारा 27 की उपधारा (2) के अनुरूप भारतीय निर्वाचन आयोग की सिफारिश के अनुसार, जम्मू कश्मीर राज्य के राज्यपाल 15 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा के सदस्यों के निर्वाचन का आह्वान करते हैं। प्रदेश के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सरांगल ने बताया कि उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच नवंबर है । नामांकन पत्रों की जांच सात नवंबर को की जाएगी तथा दस नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उन्होंने आगे बताया कि मतों की गिनती 23 दिसंबर को होगी। सारंगल ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग ने विशेष तारीखों पर प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए सुबह आठ बजे से शाम चार बजे का समय तय किया है। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को राज्य में विधानसभा चुनाव कराने का फैसला किया था जो पिछले माह आई भीषण बाढ़ में भारी तबाही झेल चुका है। यहां पांच चरणों में 25 नवंबर, 2, 9, 14 और 20 दिसंबर को चुनाव की घोषणा की गई। राज्य सरकार ने सुचारू रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों की 565 कंपनियां मांगी हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।