सामुद्रिक सुरक्षा में भारत और विएतनाम के हित समान हैं : मोदी
(DELHI, India) भारत की यात्रा पर आए विएतनाम के प्रधानमंत्री न्युन तंग जुंग के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मोदी ने यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘आज, दोनों देशों (भारत और विएतनाम) की समृद्धि को बढ़ाने और हमारे पास-पड़ोस में शांति एवं स्थिरता कायम करने के लिए हमारी साझेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि विएतनाम के प्रधानमंत्री के साथ आज हुई वार्ता में हमारे क्षेत्र की स्थिति और हमारे रिश्तों को कैसे प्रगाढ़ बनाया जाए, इन सबके संबंध में ‘उनके (जुंग) और मेरे विचारों में बहुत समानता है।’ मोदी ने कहा कि उनके नेतृत्व में नयी राजग सरकार बनने के बाद ‘हमने शीघ्रता से एशिया प्रशांत क्षेत्र में अपनी सक्रियता को बढ़ाया है, क्योंकि यह क्षेत्र भारत के भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’ उन्होंने कहा, ‘सामुद्रिक सुरक्षा में हमारे समान हित हैं। हम दोनों यह विश्वास करते हैं कि सामुद्रिक व्यापार और परिवहन में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए और हर विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से अंतरराष्ट्रीय कानूनों के आधार पर सुलझाना चाहिए।’ विएतनाम के प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश भारत के जहाज़ों को अपने यहां आने का निमंत्रण देना जारी रखेगा। उल्लेखनीय है कि लगभग एक महीना पहले विएतनाम बंदरगाह जा रहे भारतीय नौसेना के जहाज़ आईएनएस एरावत को चीन ने अपने जलक्षेत्र से बाहर जाने को कहा था।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।