(DELHI, India)
इस मुलाकात के बाद उपराज्यपाल ने दिल्ली में सरकार बनाने की कवायाद शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उपराज्यपाल नजीब जंग दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों से मिलेंगे और बात करेंगे। सरकार बनाने की संभावना तलाशने के लिए उपराज्यपाल अगले कुछ दिनों में राजनैतिक दलों से बातचीत करेंगे। गौर हो कि राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद ही उपराज्यपाल इस संबंध में सभी दलों से बात करेंगे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को उपराज्यपाल को दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर सहमति दी थी। अब इस बात की संभावना तेज हो गई है कि नजीब जंग जल्द ही बीजेपी को दिल्ली में सरकार बनाने का न्योता भेज सकते हैं जो दिल्ली विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है। चूंकि राष्ट्रपति ने दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर अपनी मंजूरी दे दी है, इसलिए बीजेपी को अब आमंत्रित किया जा सकता है। गौर हो कि केंद्र सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने के लिए भाजपा को आमंत्रित करने के जंग के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। जंग ने पिछले महीने राष्ट्रपति को रिपोर्ट भेजकर भाजपा को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने की अनुमति मांगी थी। जंग ने रिपोर्ट में राजधानी के राजनीतिक हालात का विस्तृत विश्लेषण भेजा था और चुनी हुई सरकार होने पर जोर दिया था। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद से 17 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लगा है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।