महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ब्रैडमैन हॉल ऑफ फेम में शामिल
(India) ऐतिहासिक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भव्य रात्रि भोज के दौरान तेंदुलकर के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ को भी ब्रैडमैन हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। ब्रैडमैन फाउंडेशन के वार्षिक भोज में तेंदुलकर की उपस्थिति काफी महत्व रखती है क्योंकि इस महान आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने एक बार कहा था कि इस भारतीय की तकनीक उन्हें खुद की याद दिलाती है। ब्रैडमैन के 90वें जन्मदिन पर तेंदुलकर उनसे उनके एडिलेड स्थित आवास पर मिले थे। बाद में ब्रैडमैन ने उन्हें अपनी सर्वकालिक एकादश में शामिल किया था। तेंदुलकर ने 1998 में ब्रैडमैन से मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वह और अन्य आमंत्रित खिलाड़ी शेन वार्न इतने अधिक घबराये हुए थे कि यह फैसला नहीं कर पाये कि आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज के साथ पहले किसे बात करनी चाहिए। उन्होंने आज यहां पत्रकारों से कहा, ‘मुझे याद है कि वार्नी मेरे साथ कार में था और हम चर्चा कर रहे थे कि पहला सवाल कौन करने जा रहा है। मैंने उससे कहा कि आप आस्ट्रेलिया के हो इसलिए आपको शुरूआत करनी चाहिए और वार्न ने कहा, नहीं आप बल्लेबाज हो इसलिए आप मेरी तुलना में उनके काफी करीब हो सकते हो।’ अपने 24 साल के लंबे करियर के दौरान तेंदुलकर ने एससीजी पर शानदार प्रदर्शन किया तथा पांच टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाये।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।