वाड्रा का ‘अनुचित आचरण’ कुंठा का परिणाम : भाजपा
(DELHI, India) भाजपा ने एक पत्रकार के साथ ‘अनुचित’ आचरण मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनका यह व्यववहार कुंठा का परिणाम है तथा उन्हें यह स्वीकार करना चाहिए कि अब इस देश पर गांधी परिवार का शासन नहीं हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने इस घटना को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है। वाड्रा शनिवार को दिल्ली के एक पंचसितारा होटल की जिम में उस वक्त अपना आपा खो बैठे और रिपोर्टर के माइक को धक्का दे दिया जब उनसे हरियाणा में उनके विवादित भूमि सौदों के बारे में सवाल किया गया। टीवी चैनलों पर दिखाए गए वीडियो फुटेज के अनुसार वाड्रा रिपोर्टर से बार बार यह सवाल कर रहे हैं कि क्या वह भूमि सौदों पर किए गए अपने सवाल को लेकर गंभीर है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘यह रॉबर्ट वाड्रा की गहरी कुंठा है जो एक पत्रकार के साथ अनुचित आचरण के रूप में सामने आई है। वाड्रा वही व्यक्ति हैं जिन्होंने भारत को ‘बनाना रिपब्लिक’ और हम भारतीयों को ‘मैंगो पीपुल’ कहा था। परंतु इस बार हम उन्हें अहसास दिलाना चाहते हैं कि भारत अब वह बनाना रिपब्लिक (अस्थिर देश) नहीं रहा जिस पर कांग्रेस के प्रथम परिवार ने शासन किया था।’

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।