राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने डॉ. मनमोहन सिंह को दी बधाई
(DELHI, India) राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मनमोहन सिंह को दिए अपने बधाई संदेश में कहा, ‘मुझे यह जानकर बेहद खुशी हुई कि जापान की सरकार ने आपको अपने शीर्ष नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। आप यह पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय हैं।’ मुखर्जी ने कहा, यह पुरस्कार वर्षों से आपके द्वारा भारत-जापान संबंधों को बढ़ाने के लिए किए गए प्रसायों को मान्यता है। उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि पूरा राष्ट्र आपको मिले इस सम्मान से खुश है।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई संदेश में कहा, ‘खुशी और गौरव की बात है कि जापान ने डॉ. मनमोहन सिंह को ‘द ग्रैंड कार्डन ऑफ द आर्डर ऑफ द पाउलोनिया फ्लावर’ पुरस्कार से सम्मानित किया है। बधाई हो।’ इससे पहले सिंह ने इस पुरस्कार के लिए उन्हें चुने जाने पर आभार प्रकट करते हुए कहा था कि वह जापान की सरकार और लोगों के प्यार व स्नेह से वास्तव में सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना भारत-जापान के संबंधों को बढ़ता और मजबूत होता देखना है और न केवल प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के समय बल्कि लोक सेवा में अपने कैरियर के दौरान उन्होंने इसी उद्देश्य से काम किया था। सिंह ने कहा, ‘भारत और जापान एशिया के उत्थान की साझा सोच रखते हैं। पिछले दशक में दोनों देशों ने साझा मूल्यों और साझा हितों के आधार पर नये संबंध कायम किये हैं। हमें इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारे साझा प्रयासों और पहल से हम द्विपक्षीय संबंधों को भविष्य में महान उंचाइयों पर पहुंचाएंगे।’

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।