(India)
'भारत रत्न' सचिन तेंडुलकर ने बुधवार शाम को 'प्लेइंग इट माई वे' को लॉन्च कर दिया। मुंबई में बुक लॉन्च के मौके पर सचिन तेंडुलकर के अलावा, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण मौजूद रहे। चारों खिलाड़ियों ने अपने उन तजुर्बों को साझा किया जो उन्होंने मैदान और मैदान के बाहर महसूस किया। इस दौरान मंच पर सचिन की पत्नी अंजलि और उनके बड़े भाई अजित तेंडुलकर भी मंच पर आए। सचिन ने अपने भाई के बारे में बताया कि उनकी आखिरी पारी के बाद भी अजित उन्हें यही समझाते रहे कि उन्हें कैसे बैटिंग करनी चाहिए। अंजलि तेंडुलकर ने बताया कि उन्होंने सचिन को पहली बार तब देखा था जब वे 17 साल के थे। सचिन की पत्नी ने यह भी बताया कि उन्होंने जब सचिन को पहली बार देखा था, तब वे यह नहीं जानती थीं कि सचिन कौन हैं और क्रिकेट में उनका क्या मुकाम है। अंजलि ने यह भी बताया कि उन दोनों के रिश्ते की बात करने तेंडुलकर के माता-पिता के पास वे खुद गई थीं। अंजलि ने बताया कि उन दिनों सचिन न्यूजीलैंड में थे और उन्होंने फोन पर मुझसे कहा कि अब हमें एंगेजमेंट कर लेनी चाहिए और इसके लिए अंजलि को उनके माता-पिता से बात करनी चाहिए। इससे पहले सचिन ने कहा कि उन्होंने अपनी आत्मकथा को लिखने में तीन साल लगाए हैं, इसलिए अब वे उसमें कोई बदलाव नहीं करेंगे। इससे पहले बुधवार को ही सचिन ने अपनी आत्मकथा 'प्लेइंग इट माई वे' की पहली प्रति अपनी मां रजनी को भेंट की। सचिन ने इसकी जानकारी सोशल वेबसाइट ट्विटर पर ट्वीट कर दी। सचिन ने मां को किताब भेंट करते हुए अपनी एक तस्वीर भी ट्विटर पर शेयर की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।