भाजपा-शिवसेना के बीच टकराव बढ़ा, केंद्रीय मंत्री अनंत गीते दे सकते हैं इस्तीफा
(DELHI, India) सूत्रों की मानें तो केंद्र में शिवसेना के कोटे से एक मात्र केंद्रीय मंत्री अनंत गीते इस्तीफा दे सकते हैं। शिवसेना की आगामी रणनीति क्या होगी इसे लेकर मुंबई में मातोश्री में शिवसेना के नेताओं की अहम बैठक हो रही है। सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में हो रही इस बैठक में शिवसेना महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष में बैठने का निर्णय कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे कैबिनेट में शिवसेना के कोटे से दो केंद्रीय मंत्री चाहते थे लेकिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य मंत्री का प्रस्ताव दिया था जिसे उद्धव ने खारिज कर दिया। अब सबकी नजरें शिवसेना की इस बैठक पर टिकी है कि वह आगे क्या निर्णय करती है। वहीं, दिल्ली से मुंबई लौटे अनिल देसाई का मुंबई एयरपोर्ट पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया है। देसाई मोदी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए। शपथ ग्रहण समारोह के लिए आज समय पर दिल्ली पहुंचने वाले देसाई दिल्ली हवाई अड्डे से मुंबई वापस लौट गए। ऐसा लगता है कि भाजपा की ओर से महाराष्ट्र में मंत्री पदों की शिवसेना की मांग नहीं मानने के बाद देसाई को उनके पार्टी नेता ने वापस लौटने को कहा। शिवसेना के सूत्रों का कहना है कि आज शाम मुंबई में एक बैठक बुलाई गई है जिसमें यह फैसला किया जा सकता है कि पार्टी महाराष्ट्र में विपक्ष की भूमिका निभाएगी तथा वह पार्टी के अनंत गीते को मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने का निर्देश दे सकते हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।