नए रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा- 'दुश्मनों के खिलाफ हम रक्षाविहीन नहीं रहेंगे'
(DELHI, India) राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पर्रिकर से एक प्रेस कांफ्रेंस में जब संवाददाताओं ने देश की सुरक्षा से संबंधित सवाल दागे तो उनका जवाब था, ‘मैं आज प्रेस के आगे रक्षाविहीन हूं लेकिन आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि दुश्मन के खिलाफ हम रक्षाविहीन नहीं रहेंगे।’ एक के बाद एक किये गये तमाम सवालों पर उन्होंने कहा, ‘मैं रक्षा मंत्री बना हूं । यह खबर मुझे कल रात लगभग 11 बजकर 35 मिनट पर मिली। मुझे कुछ समय दीजिए। पडोसी देशों के साथ संबंध एक संवेदनशील मुद्दा है। मुझे इसका अध्ययन करने दीजिए।’ पर्रिकर ने कहा, ‘चूंकि मैं गोवा का मुख्यमंत्री था इसलिए मुझे (रक्षा मंत्रालय) इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। मैं न तो रक्षा मंत्री था और न ही केन्द्र में मंत्री। इसलिए मुझे सप्ताह भर का समय दीजिए ताकि मैं मंत्रालय को भली भांति समझ सकूं। मैं प्रधानमंत्री से इस बारे में बातचीत करने के बाद ही जवाब दूंगा।’ एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सशस्त्र सेनाओं के जरिए भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जो आवश्यक होगा, किया जाएगा। पर्रिकर ने कहा कि राज्यसभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाकर वह खुद को गौरवान्वित और भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘राज्यसभा के लिए इस राज्य से नामांकन करने के बाद मुझे गर्व हो रहा है। ये वह राज्य है, जिसने बडे नेता देश को दिये, यह राम और कृष्ण की धरा है जो देश के इतिहास का शुरूआती बिन्दु है। ऐसे राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मुझे मिला, मैं खुद को भाग्यशाली मान रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि वह विधायकों, पार्टी और उससे भी उपर उत्तर प्रदेश की जनता के प्रति आभारी हैं ।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।