अहम शिखर बैठकों में भाग लेने के लिए मोदी 10 दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना
(DELHI, India) मोदी एयर इंडिया के विशेष विमान से रवाना हुए । अपनी इस दस दिवसीय विदेश यात्रा के पहले चरण में वह ने पी ताव जाएंगे । इन दस दिनों के दौरान मोदी समूह 20 की शिखर बैठक में भाग लेने के लिए आस्ट्रेलिया और उसके बाद फिजी भी जाएंगे । रवाना होने से पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ आसियान हमारी एक्ट ईस्ट नीति की धुरी है । वह एशियाई सदी के हमारे सपने का केंद्र है और सहयोग तथा एकीकरण इसकी विशेषताएं हैं ।’ मोदी ने कहा कि उन्हें आसियान देशों के नेताओं के साथ इस विषय पर चर्चा का इंतजार है कि हम ‘अपने संबंधों को अगले स्तर पर कैसे ले जा सकते हैं जिससे प्रत्येक सदस्य के साथ द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने में मदद मिलेगी।’ 12-13 नवंबर को म्यांमा की राजधानी ने पी ताव में भारत, आसियान और पूर्वी एशिया शिखर बैठक तथा ब्रिस्बेन में समूह 20 के शिखर देशों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री एशिया , यूरोप , अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका , दक्षिण अमेरिका और प्रशांत क्षेत्रीय देशों के 40 से अधिक नेताओं से मुलाकात करेंगे । वह फिजी की भी यात्रा करेंगे । प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के किसी भी क्षेत्र में न तो इतनी गतिशीलता है और न ही उसके सामने इतनी चुनौतियां हैं जितनी हिंद महासागर , एशिया महाद्वीप और प्रशांत महासागर क्षेत्र के सामने हैं । उन्होंने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर बैठक में क्षेत्र और विश्व के भविष्य को आकार देने की क्षमता है । प्रधानमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘ शांति, स्थिरता और समृद्धि की खोज में मुझे पूर्वी एशिया शिखर बैठक में आसियान और विश्व के सात प्रमुख नेताओं के साथ क्षेत्रीय संस्थानों तथा अंतरराष्ट्रीय नियमों को मजबूती प्रदान किए जाने के उपायों पर चर्चा का इंतजार है ।’ म्यांमार में अंतरराष्ट्रीय शिखर बैठकों से अलग मोदी का मेजबान देश के राष्ट्रपति थेइन सिन के अलावा रूस के प्रधानमंत्री दमित्री मेदवेदेव , दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई तथा सिंगापुर के राष्ट्रपति टोनी तान से मुलाकात का कार्यक्रम है ।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।