आसियान में भाग लेने म्यामांर पहुंचे PM मोदी, कहा- 'मेरा यहां बहुत शानदार स्वागत हुआ'
(International) म्यामांर पहुंचने के बाद मोदी ने ट्विट किया, मेरा यहां बहुत शानदार स्वागत हुआ, यह बेहद खूबसूरत देश है। यहां के बाद पीएम ऑस्ट्रेलिया और फिजी भी जाएंगे। मोदी एयर इंडिया के विशेष विमान से म्यामांर पहुंचे। 3 देशों की अपनी इस 10 दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी जी20 की शिखर बैठक में भाग लेने के लिए ब्रिस्बेन, ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। भारत की एक्ट ईस्ट नीति के तहत दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के संघ (आसियान) को मुख्य केंद्र बिंदु बताते हुए मोदी ने म्यामांर रवाना होने से पूर्व कहा कि उन्हें आसियान देशों के नेताओं के साथ इस विषय पर चर्चा का इंतजार है कि हम अपने संबंधों को अगले स्तर पर कैसे ले जा सकते हैं जिससे प्रत्येक सदस्य देश के साथ द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने में मदद मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आसियान हमारी एक्ट ईस्ट नीति की धुरी है। वह एशियाई सदी के हमारे सपने का केंद्र है और सहयोग तथा एकीकरण इसकी विशेषताएं हैं। 12 और 13 नवंबर को म्यांमार की राजधानी ने पई ताव में भारत, आसियान और पूर्वी एशिया शिखर बैठक तथा ब्रिस्बेन में समूह 20 की शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री एशिया, यूरोप, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका और प्रशांत क्षेत्रीय देशों के 40 से अधिक नेताओं से मुलाकात करेंगे। वह फिजी की भी यात्रा करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।