सुनंदा पुष्कर मौत मामले में पुलिस की पाकिस्तान, दुबई पर नजर
(DELHI, India) दिल्ली पुलिस अब उन लोगों की लिस्ट हासिल करने में जुटी है, जो 17 जनवरी को दुबई और पाकिस्तान से दिल्ली आए थे या फिर दिल्ली से इन जगहों के लिए गए थे। इसी दिन सुनंदा दिल्ली के एक फाइव स्टार होटेल में मृत पाई गई थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इंटेलिजेंस ब्यूरो के तहत आने वाले फॉरन रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस से ये डीटेल्स मांगी हैं। वहीं इस मामले में पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने जांच के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। पुलिस सुनंदा के विसरा की जांच विदेशी लैब में करवाने पर भी विचार कर रही है, जिससे उनके शरीर में जहर की मौजूदगी को सही रिपोर्ट मिल सके। इनवेस्टीगेशन टीम के एक ऑफिसर ने बताया कि विसरा को स्कॉटलैंड की एक लैब में भेजा जा सकता है। वहीं दूसरा विकल्प ये है कि इसे अमेरिका में एफबीआई की लैब को भेजा जाए, जहां पर सीबीआई खास मामलों में सैंपल भेजती रही है। इस मामले में शुक्रवार को फैसला लिया जा सकता है। इस मामले में जांचकर्ताओं का कहना है कि सुनंदा की मौत के मामले में उनका आत्महत्या करना अभी भी एक संभावित कारण बना हुआ है। सुनंदा की मौत की जांच कर रही सीएफएसएल की डॉक्टरों और फोरेंसिक टीम के इस मामले में असफल होने के कारण ही विसरा को जांच के लिए विदेश भेजे जाने पर विचार किया जा रहा है। एम्स के डॉक्टरों ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट में बताया था कि सुनंदा की मौत जहर के कारण हुई थी। जिसके चलते एम्स ने गोपनीय रूप से ऎसे जहर और दवाइयों की एक सूची तैयारी की थी, जिसकी जांच भारतीय लैब में नहीं हो सकती। गौरतलब है कि फरवरी में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने ये कहते हुए सनसनी फैला दी थी किपहले सुनंदा की नाक बंद की गई थी ताकि वो मुंह खोलें, जिसके बाद उन्हें रूसी जहर खिला दिया गया था। उनकी इस बात के जवाब में सुनंदा के पति शशि थरूर ने कहा था कि उन्होंने स्वामी की बातों को गंभीरता से लेना बहुत पहले ही बंद कर दिया था। यात्रियों की सूची लिए जाने के बारे में सूत्रों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ये देखना चाहती है कि सुनंदा की मौत वाले दिन पाकिस्तान या दुबई से कोई शख्स दिल्ली आया था, या फिर यहां से वापस इन्हीं जगह लौटा था या नहीं। साथ ही सूत्रों ने ये भी कहा कि सूची मिल जाने के बाद पुलिस संदिग्ध यात्रियों के नाम छांटेगी और उनसे पूछताछ भी करेगी। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, 'ये चीजें जांच का हिस्सा होती हैं और इस बारे में कुछ भी कहा या लिखा नहीं जाता। हम इस बारे में कुछ नहीं बता सकते।'

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।