वैश्विक आतंकवाद से मुकाबले के लिए साझा रणनीति अपनाएं पीएम नरेंद्र मोदी
(International) प्रधानमंत्री मोदी ने जी 20 शिखर बैठक से अलग फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान साझा रणनीति बनाए जाने का आह्वान किया। मोदी ने यह आह्वान ऐसे समय में किया है जब सर्वाधिक खतरनाक उग्रवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लगातार अभियान की कमान अमेरिका ने संभाली हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यदि देश साझा रणनीति अपनाएं तो वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ सफलता हासिल की जा सकती है। मोदी की यह टिप्पणी अमेरिकी रक्षा मंत्री चक हेगल के उस बयान की पृष्ठभूमि में आयी है जिसमें कहा गया था कि अमेरिका की अगुवाई में इस्लामिक स्टेट आफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के खिलाफ अभियान को और गहन किया जाएगा तथा अमेरिकी जनता को एक लंबी तथा मुश्किल लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए। आईएसआईएस या आईएस, अल कायदा से टूटकर बना एक संगठन है जिसने इराक और सीरिया के सैंकड़ों वर्ग मील इलाके पर कब्जा जमा लिया है। हेगल ने गुरूवार को प्रतिनिधि सभा में अमेरिकी रणनीति को यह कहते हुए सही ठहराया था, इराकी बलों के मजबूत होने के साथ, हमारे गठबंधन का हवाई अभियान भी रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा था, अमेरिकी और गठबंधन बलों द्वारा किए जा रहे हवाई हमलों की मदद से इराकी, कुर्द तथा कबाइली बलों ने इराक के कुछ इलाकों में आईएसआईएल की बढ़त पर रोक लगा दी गयी और कुछ इलाकों में उसे पीछे हटने को मजबूर कर दिया गया है। उन्होंने आतंकवादी समूह के नाम के लिए आईएसआईएल का इस्तेमाल किया जो आईएसआईएस का ही एक दूसरा नाम है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।