(International)
मोदी यहां भारतीय समुदाय द्वारा अपने सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेने पहुंचे हैं । यह उनका छह घंटे का तूफानी दौरा होगा । मोदी ने पांच मिनट होटल पुल्लमैन की लॉबी में गुजारे और चार पुरूष नर्तकों का गीत-नृत्य देखा । कुर्सी पर बैठे मोदी ने उनके नृत्य पर तालियां बजाईं और बाद में नर्तकों से हाथ मिलाया । मोदी को नर्तकों से उपहार के रूप में एक बूमरैंग मिला । बूमरैंग एक ऐसा उपकरण है जो फेंकने वाले के पास लौटकर आ जाता है । ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासी इसे शिकार के लिए हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं । बूमरैंग को ऐतिहासिक रूप से शिकार के लिए और खेल तथा मनोरंजन के लिए भी इस्तेमाल किया जाता रहा है । गौर हो कि मोदी सिडनी में तकरीबन 17 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे। यह कायर्क्रम भारतीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे अलफोंस एरिना में होगा। मोदी के भाषण को सुनने के लिए ओलंपिक पार्क के अलफोंस एरिना में करीब 17 हजार लोगों के लिए इंतजाम किए गए हैं। स्कूली बच्चों ने विशेष तौर पर 'नमो नमो' गीत तैयार किया है। अलफोंस एरीना में बड़ी संख्या में बड़े-बड़े स्क्रीन भी लगाए गए हैं, जहां से लोग पीएम मोदी को सुन सकते हैं। स्कूली बच्चों ने भी गीत-संगीत को लेकर तैयारियां की हैं। पीएम के भाषण को सुनने के लिए मोदी एक्सप्रेस से करीब 250 लोग सिडनी पहुंचे हैं। मोदी एक्सप्रेस तिरंगे के रंग में रंगी हुई है और ट्रेन ने 800 किमी का सफर तय किया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।