पवार ने एनसीपी कार्यकर्ताओं से कहा- महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहें
(MAHARASHTRA, India) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग में आज शुरू हुई पार्टी की दो दिवसीय बैठक को संबोधित करते हुए पवार ने कहा,‘हमें महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव का सामना करने के लिए तैयार रहना है।’ उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में स्थिर सरकार रखने की जिम्मेदारी राकांपा की नहीं है।’ उल्लेखनीय है कि जिस दिन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आए, पवार की पार्टी राकांपा ने भाजपा को बाहर से बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के राज्य विधानसभा चुनावों में दो सीटों पर काबिज होने वाली मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के उभार के पीछे भाजपा के कुछ तत्व हैं। 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के 121, शिवसेना के 63, कांग्रेस के 42 और राकांपा के 41 विधायक हैं। महाराष्ट्र की अल्पमत सरकार का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने राकांपा की ओर से बाहरी समर्थन की घोषणा के बाद पिछले हफ्ते विवादस्पद रूप से ध्वनि मत से विश्वास प्रस्ताव हासिल किया। ध्वनिमत से विश्वासमत पारित होने के बाद शिवसेना और कांग्रेस ने उसका कड़ा विरोध किया। दोनों पार्टियों ने ज्ञापन दे कर राज्यपाल सी. विद्यासागर राव से मांग की कि वह फडणवीस सरकार को फिर से विश्वास मत हासिल करने के लिए कहें और इसका फैसला मतविभाजन से हो। राकांपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने विश्वास मत के तरीके से असहमति जताई थी। इससे पहले, शरद पवार कह चुके हैं कि वह भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल की गारंटी नहीं ले सकते हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।