सोनिया ने बीजेपी पर बोला हमला, राहत कार्यों पर राजनीति का लगाया आरोप
(JAMMUandKASHMIR, India) आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेसी उम्मीदवार उस्मान माजिद के लिए प्रचार करने यहां आईं सोनिया ने कहा कि चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं जब कश्मीर की जनता बाढ़ से हुई बर्बादी से अभी तक उबरी नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने श्रीनगर से 45 किलोमीटर दूर यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं जब आपने प्राकृतिक आपदा (बाढ़) झेली है। राजनीति के बारे में बात करना अच्छा नहीं लगता लेकिन राहत एवं पुनर्वास कार्य बहुत धीमी रफ्तार से चल रहा है।’ सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार ने 2005 में नियंत्रण रेखा खासकर बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर में आए भूकंप के पीड़ितों को राहत मुहैया कराने के लिए पूरा प्रयास किया। उन्होंने कहा, अब जब (केन्द्र में) भाजपा सरकार है तो क्या हो गया है? ऐसा लगता है कि उनकी रूचि नहीं है। भाजपा के नेता आए और उन्होंने बड़े बड़े वादे किये लेकिन कुछ नहीं दिया। यहां तक कि राज्य सरकार ने जो मांगा वह भी नहीं दिया गया।’ राज्य सरकार ने राज्य में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण तथा आधारभूत ढांचों के लिए 44 हजार करोड़ रूपये का विस्तृत पैकेज मांगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 अक्तूबर को दिवाली पर राज्य के दौरे के समय राज्य को 745 करोड़ रूपये की सहायता की घोषणा की थी।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।