भारत विश्व कप के प्रबल दावेदारों में नहीं: फ्लेमिंग
(India) फ्लेमिंग भारत को इसलिए खिताब का प्रबल दावेदार नहीं मानते क्योंकि पिछली बार उसने घरेलू परिस्थितियों में खिताब जीता था जबकि इस बार टूर्नामेंट आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हो रहा है। फ्लेमिंग ने शुक्रवार को यहां कहा कि मैं आपको चार चोटी की टीमें बता सकता हूं। न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया क्योंकि वे घरेलू सरजमीं पर खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका अच्छी फार्म में है। चौथी टीम का चयन करना थोड़ा मुश्किल है। भारत, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और श्रीलंका में से कोई भी हो सकता है। इसलिए मैं आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को चोटी के तीन दावेदार मानता हूं जबकि चौथे स्थान के लिये प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने कहा कि यह परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है। श्रीलंका और भारत पिछली बार फाइनल में पहुंचे थे। यह काफी करीबी मुकाबला था। आगामी टूर्नामेंट में टीमों में थोड़ा अंतर है। भारत ने 2011 में घरेलू परिस्थितियों में खिताब जीता था लेकिन आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में उसके लिये काम आसान नहीं होगा और उसके तेज गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। फ्लेमिंग का मानना है कि रनों पर रोक लगाने की रणनीति आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में कारगर साबित नहीं होगी तथा गेंदबाजों विशेषकर तेज गेंदबाजों को नियमित अंतराल में विकेट लेने होंगे। उन्होंने कहा कि भारत के तेज गेंदबाज बुरे नहीं हैं लेकिन उन्हें विकेट लेने होंगे। उनके तेज ही नहीं स्पिन गेंदबाजों को भी विकेट लेने की कोशिश करनी होगी। केवल रन रोकने के प्रयास कारगर साबित नहीं होंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।